पातालपुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु श्री बालक देवाचार्य जी महाराज के मुखारविंद से बह रही जानकी चरित्र सरिता
महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में निरंतर जारी है कथा
शिवपुरी/ संजय आजाद। शिवपुरी के अति प्रसिद्ध श्री राम जानकी तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर कत्था मिल सामने एबी रोड शिवपुरी पर पातालपुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु श्री बालक देवाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्री रामकथा का भव्य आयोजन अत्यंत भावपूर्ण एवं दिव्य वातावरण में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कथा के पांचवें दिन दोपहर सत्र में पूज्य महाराज श्री ने प्रभु श्री राम और माता जानकी के पुष्प वाटिका मिलन के अति सुंदर प्रसंग का ओजस्वी वर्णन किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
दिनांक 10 सितंबर 2026 से प्रारंभ हुई इस नौ दिवसीय दिव्य कथा का समापन 18 सितंबर 2026 को होगा तथा 19 सितंबर 2026 को विशाल पूर्णाहुति एवं महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। कथा व्यास पातालपुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु बालक देवाचार्य जी महाराज ने वाटिका प्रसंग की व्याख्या करते हुए बताया कि जब विवाह से पूर्व माता जानकी और प्रभु श्री राम का आमने-सामने प्रथम मिलन हुआ, तो उस दिव्य दृश्य ने भक्तों के हृदयों को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इसके साथ ही पूज्य महाराज श्री ने पारिवारिक मूल्यों, मर्यादा और संस्कारों पर विशेष प्रकाश डालते हुए यह संदेश दिया कि परिवार में बहन-बेटियों को आपसी सामंजस्य, सहनशीलता और नैतिक मूल्यों के साथ किस प्रकार गृहस्थ जीवन व परिवार का संचालन करना चाहिए।
इस अलौकिक आयोजन में श्री श्री 1008 श्री महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास जी महाराज का पावन सानिध्य एवं सतत मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है, वहीं व्यवस्थापन का दायित्व श्री राम जानकी तुलसी आश्रम मंदिर महंत घनश्याम दास जी महाराज कुशलतापूर्वक संभाल रहे हैं, जबकि कथा के मुख्य यजमान के रूप में अंजलि देवेंद्र शर्मा भैया परिवार भक्तिभाव से धर्म लाभ अर्जित कर रहा है और प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।


