ग्वालियर सपना शर्मा । नगर निगम की गंभीर लापरवाही के चलते एक बार फिर बेजुबान की जान आफत में पड़ गई है। सिकंदर कंपू क्षेत्र में मिस सिल स्कूल के सामने बने नाले का चैंबर खुला होने के कारण उसमें एक गाय गिरकर फंस गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। निवासियों का आरोप है कि नाले के खुले चैंबर को लेकर और गाय के फंसने के बाद नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार फोन कर सूचना दी जा चुकी है, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई राहत टीम या प्रशासनिक सहायता मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासनिक उदासीनता को देखते हुए अब आसपास के रहवासियों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया है। स्थानीय नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर और संसाधनों का इंतजाम कर गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के रेस्क्यू कार्य में जुटे हुए हैं। निवासियों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से खुले पड़े इस चैंबर से लगातार हादसों का डर बना हुआ था, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
