शिवपुरी में भाजपा की प्रेस वार्ता: जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए आरोपों पर किया करारा हमला
![]() |
| पत्रकारों से रूबरू होते भाजपा जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत अध्यक्ष |
शिवपुरी। जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने राहुल गांधी तथा कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनाव आयोग, एसआईआर और मतदाता सूची पर लगाए जा रहे आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछने का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाने के लिए केवल बयानबाजी नहीं बल्कि ठोस प्रमाण की आवश्यकता होती है। श्रीमती यादव ने 26 सितंबर को चुनाव आयोग द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए पूछा कि जब आयोग ने साफ कर दिया है कि एसआईआर से जुड़े सभी फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए थे और 27 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट भी बिहार में एसआईआर की वैधानिकता को सही ठहरा चुका है, तब कांग्रेस किस आधार पर 'वोट चोरी' का निरर्थक राग अलाप रही है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास बूथवार और मतदाता सूचीवार कोई भी प्रमाणित तथ्य हैं तो वे देश के सामने यह साफ करें कि कौन-सा वोट चोरी हुआ, किस बूथ से हुआ और उससे किस चुनाव का परिणाम बदला, क्योंकि हर बार चुनाव हारने के बाद अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास पैदा करना कांग्रेस का दोहरा चरित्र है और जनता अब राजनीतिक शोर नहीं बल्कि सच और प्रमाण चाहती है।
