जैन दिव्य घोष और डांडिया की ताल पर झूमे श्रद्धालु
श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा
भक्ति, तप और अनुशासन के अनुपम संगम के साथ समाज के प्रतिभावान युवाओं व दिव्य घोष के सदस्यों का हुआ सम्मान
पोहरी। दसलक्षण महापर्व के पावन समापन अवसर पर शनिवार को पोहरी नगर में भगवान जिनेंद्र देव की भव्य शोभायात्रा अपार श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ निकाली गई। जैन समाज के योगेंद्र जैन पत्रकार ने बताया कि शोभायात्रा किले के अंदर स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य बाजार, कृष्णगंज और जय स्तंभ चौराहा होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई।
पोहरी जैन युवा संघ के जैन दिव्य घोष की अनुगूंज से पूरा नगर धर्ममय हो उठा तथा श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर भगवान जिनेंद्र देव का आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा में अरुण जैन के सुमधुर भजनों पर जहां भक्तजन झूमते नजर आए, वहीं महिला श्रद्धालुओं ने डांडिया नृत्य के माध्यम से अपनी भक्ति की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले श्री 1008 आदिनाथ युवा वर्ग के सदस्यों के साथ-साथ पर्व के दौरान अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले जैन युवा दिव्य घोष के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनी इस भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हुए।
