भाई दूज स्पेशल:शिवपुरी में सर्किल जेल प्रशासन की अनूठी पहल
11 नवंबर को 10 मिनट के पावन पल में हल्दी-कुमकुम और मिठाइयों संग घुलेगी भाई-बहन के अटूट रिश्ते की मिठास
शिवपुरी। दीपावली के इस पावन पर्व पर, जहाँ पूरा देश खुशियों से जगमगा रहा है, वहीं सर्किल जेल शिवपुरी की ठंडी दीवारें भी भाई-बहन के अनूठे प्रेम की गवाह बनने जा रही हैं। भाईदूज के पावन अवसर पर जेल प्रशासन ने बंदियों और उनके स्नेही परिजनों के दिलों की दूरी मिटाने के लिए 'खुली मुलाकात' का एक बेहद संवेदनशील और विशेष प्रबंध किया है। आगामी 11 नवम्बर (बुधवार) को जेल की सलाखों के पीछे भी स्नेह, ममता और अटूट बंधन का यह पर्व पूरी आत्मीयता के साथ मनाया जाएगा।
प्रातः 08:30 से 02:30 बजे तक उमड़ेगा जज्बातों का सैलाब
जेल प्रशासन ने प्रातः 08.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक का समय उन आँखों के लिए तय किया है, जो बरसों से अपनों की एक झलक पाने को तरस रही हैं। नियमों के अनुसार, पुरुष बंदियों से मिलने के लिए परिवार की केवल महिला सदस्यों (बहनों, माताओं) और 06 वर्ष से कम उम्र के मासूम बच्चों को ही जेल के भारी-भरकम दरवाजों के पार जाने का अवसर मिलेगा। यद्यपि मुलाकात का समय केवल 10 मिनट निर्धारित है, लेकिन प्रेम के इन अमूल्य क्षणों में बहनें अपने भाइयों का माथा चूमकर उनकी लंबी उम्र और रिहाई की दुआएँ माँगेंगी।
पहचान का प्रमाण और सादगी के साथ मुलाकात
अपनों से मिलने की तड़प के बीच सुरक्षा और नियमों का सम्मान भी बेहद ज़रूरी है। मुलाकात के लिए आने वाली बहनों को अपने साथ आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या पैन कार्ड में से कोई एक मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, जेल के नियमों का मान रखते हुए मोबाइल, पर्स, रुपए-पैसे और कीमती सामान गेट के बाहर ही छोड़कर जाना होगा। जेल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बंदियों को नकद राशि देने का प्रयास कतई न करें, ताकि इस पवित्र मिलन में कोई विघ्न न पड़े।
हल्दी-कुमकुम की थाली और 250 ग्राम मिठास में घुलेगी आत्मीयता
घर के बने खाने पर भले ही बंदिशें हों, लेकिन जेल प्रशासन खुद पूजा की थाली उपलब्ध कराएगा जिसमें हल्दी, कुमकुम और चावल से बहनों की ममता और श्रद्धा झलकेगी। बहनें अपने साथ केवल 250 ग्राम तक की सूखी मिठाई (जैसे गजक या सोनपापड़ी) ले जा सकेंगी, ताकि सलाखों के पीछे बंद भाइयों का मुँह मीठा कराया जा सके।
जेल प्रशासन कि बहनो से अपील
जेल प्रशासन ने सभी आगंतुक बहनों से अपील की है कि वे तलाशी प्रक्रिया में सहयोग दें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें, ताकि भाईदूज का यह भावुक और पावन पर्व हर हृदय में स्नेह की एक अमिट छाप छोड़ जाए।
